Top News

बिलासपुर में ऑटो सवार ठगों का आतंक: बुजुर्ग महिला से सोने के जेवर ठगे, CCTV में कैद हुए संदिग्ध

 

बिलासपुर में ऑटो सवार ठगों का आतंक: बुजुर्ग महिला से सोने के जेवर ठगे, CCTV में कैद हुए संदिग्ध



बिलासपुर। शहर में एक बार फिर ऑटो सवार ठगों का गिरोह सक्रिय हो गया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेहरू चौक के पास 3 अगस्त की शाम हुई वारदात में ठगों ने रेलवे स्टेशन का रास्ता पूछने के बहाने 68 वर्षीय बुजुर्ग महिला को अपनी बातों में उलझाया और चोरी का डर दिखाकर उनके सोने का कंगन व अंगूठी ठग ली। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए हैं, जबकि ऑटो चालक की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

पुलिस के अनुसार, सिंधी कॉलोनी निवासी विद्या मोटवानी (68) की कंवरराम मार्केट में कपड़े की दुकान है। रविवार शाम वह सब्जी खरीदने बाजार गई थीं। इसी दौरान नेहरू चौक के पास ऑटो में सवार दो युवकों ने उनसे रेलवे स्टेशन का रास्ता पूछा। बातचीत के दौरान एक अन्य युवक भी वहां पहुंच गया और तीनों ने महिला को अपनी बातों में उलझा लिया।

आरोपियों ने महिला को झांसा दिया कि शहर में लूटपाट और चेन स्नेचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि खुले में सोने के जेवर पहनकर चलना सुरक्षित नहीं है और उन्हें कागज में लपेटकर पर्स में रख लेना चाहिए। विश्वास में लेकर ठगों ने महिला से उनके सोने का कंगन और अंगूठी उतरवा ली। चालाकी से असली जेवर की जगह कागज की पुड़िया थमा दी और मौके से फरार हो गए।

कुछ देर बाद महिला को ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने सिविल लाइन थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें दो संदिग्ध युवक नजर आए हैं। पुलिस ऑटो चालक की भूमिका की भी जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस की अपील:
पुलिस ने नागरिकों, विशेषकर बुजुर्गों से अपील की है कि अजनबियों की बातों में न आएं। कोई भी व्यक्ति यदि सुरक्षा के नाम पर जेवर उतारने या किसी सामान को बदलने की सलाह दे, तो सतर्क रहें और तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Vandana News
Vandana News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume