तिरंगे की शान के साथ जीवन बचाने का संकल्प, स्वतंत्रता दिवस पर युवाओं ने किया रक्तदान
तखतपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और मानवसेवा का अनूठा संगम देखने को मिला, जब सर्व मानव जागृत युवा सेवा समिति तखतपुर द्वारा “सेवा ही संकल्प” अभियान के अंतर्गत विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। 15 अगस्त 2026 को आशीर्वाद ब्लड सेंटर में आयोजित इस शिविर में समिति के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में युवाओं ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की जिंदगी बचाने का संकल्प लिया।
शिविर में संदीप यादव, आकाश यादव, रोशन नेताम, रमेश साहू, दुर्गेश साहू, दुष्यंत साहू, शिवदास मानिकपुरी, अभय पाण्डेय, मिथुन साहू, युवराज सिंह ठाकुर, नरेश धनकर, राकेश मेहर, देवानंद, पृथ्वीराज पटेल, रितेश भारद्वाज एवं संजू सोनी सहित समिति के अनेक सदस्य एवं युवा साथी मौजूद रहे।
अध्यक्ष घनश्याम श्रीवास एवं सचिव मनोज कश्यप ने बताया कि रक्तदान शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य रक्त की कमी के कारण परेशान होने वाले मरीजों को सहायता पहुंचाना और समाज में रक्तदान के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना था।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि देश की आजादी हमें केवल अधिकारों का बोध नहीं कराती, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों की भी याद दिलाती है। रक्तदान इसी मानव सेवा की भावना का श्रेष्ठ उदाहरण है।
शिविर में प्रत्येक रक्तदाता का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। रक्तदान करने वाले सभी दाताओं को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा अल्पाहार की व्यवस्था की गई।
समिति द्वारा लंबे समय से सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, यातायात जागरूकता, रक्तदान और थैलेसीमिया जागरूकता के क्षेत्र में समिति लगातार सक्रिय है।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं ने संदेश दिया कि देशभक्ति केवल नारों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि मानव सेवा के कार्यों में भी दिखाई देनी चाहिए।

Post a Comment