जनसंघ से जुड़े पिता बने प्रेरणा, पार्टी कार्यकर्ता बने राजनीतिक गुरु : भूपेंद्र सवन्नी
बिलासपुर प्रेस क्लब के ‘पहुना’ कार्यक्रम में सवन्नी ने साझा किया विद्यार्थी जीवन से राजनीतिक सफर तक का अनुभव
बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक दायित्वों में लंबे समय तक सक्रिय रहे और वर्तमान में क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी रविवार को बिलासपुर प्रेस क्लब के पारंपरिक कार्यक्रम ‘पहुना’ में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन से लेकर राजनीति में सक्रिय भूमिका और संगठन में मिले विभिन्न दायित्वों तक के सफर को साझा किया।
पिता से मिली राजनीति की प्रेरणा
भूपेंद्र सवन्नी ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत के पीछे अपने पिता स्वर्गीय इन्द्रसेन सवन्नी को प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि उनके पिता बिल्हा क्षेत्र में जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे और उनकी राजनीतिक सक्रियता का उनके जीवन पर गहरा प्रभाव पड़ा।
उन्होंने बताया कि वर्ष 1987 में पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने सक्रिय रूप से पार्टी के लिए काम करना शुरू किया। उस दौर में बिल्हा में पहली बार जनसंघ की ओर से सरपंच निर्वाचित हुआ था। जीत के बाद निकली विजय रैली से प्रभावित होकर उन्होंने एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में संगठन से जुड़कर काम शुरू किया। विद्यार्थी जीवन में भी उन्हें चुनावों के दौरान एजेंट की जिम्मेदारी मिलती रही।
वार्ड अध्यक्ष से प्रदेश महामंत्री तक का सफर
सवन्नी ने बताया कि संगठन में लगातार सक्रियता के चलते उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां मिलती गईं। वार्ड अध्यक्ष और नगर अध्यक्ष के बाद वर्ष 1993 में बिल्हा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली।
इसी दौरान बिल्हा विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी के रूप में धरमलाल कौशिक को टिकट मिला और उन्हें चुनाव संचालन की जिम्मेदारी मिली। उस चुनाव में भाजपा को करीब 187 मतों से हार का सामना करना पड़ा। वर्ष 1998 में उन्हें फिर चुनाव संचालन की जिम्मेदारी दी गई।
संगठन में सक्रिय भूमिका और कार्यकुशलता को देखते हुए उन्हें भाजपा जिला महामंत्री की जिम्मेदारी मिली। इसके बाद वे भाजपा जिलाध्यक्ष बने। वर्ष 2010 में जिलाध्यक्ष से प्रदेश महामंत्री का दायित्व मिला। वर्ष 2013 और फिर वर्ष 2020 में भी उन्हें प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।
30 लाख ऑनलाइन सदस्य बनाने का मिला लक्ष्य
भाजपा के ऑनलाइन सदस्यता अभियान का उल्लेख करते हुए सवन्नी ने बताया कि उन्हें छत्तीसगढ़ में अभियान का प्रभारी बनाया गया था। प्रदेश में 30 लाख नए सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया था।
इसके बाद उन्हें पार्टी प्रवक्ता की जिम्मेदारी मिली। आगे चलकर वे हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन भी बने। उन्होंने हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष रहते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के शुभारंभ का उल्लेख किया और कहा कि नया रायपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में योजना का शुभारंभ हुआ था।
कभी कांग्रेस का गढ़ रहा बिल्हा अब भाजपा का मजबूत गढ़
भूपेंद्र सवन्नी ने बिल्हा के बदलते राजनीतिक समीकरणों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि एक समय बिल्हा को कांग्रेस का गढ़ माना जाता था, लेकिन आज यह भाजपा के मजबूत गढ़ के रूप में पहचान बना चुका है।
वर्तमान में क्रेडा अध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि क्रेडा के माध्यम से प्रदेशभर में विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं को राजनीतिक भावनाओं से ऊपर उठकर आम जनता के हित में आगे बढ़ाना प्राथमिकता है।
“पिता प्रेरणा, कार्यकर्ता राजनीतिक गुरु”
अपने राजनीतिक सफर के अनुभव साझा करते हुए सवन्नी ने कहा कि उनके पिता उनके लिए प्रेरणा रहे, जबकि पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता और संगठन उनके राजनीतिक गुरु बने। उन्होंने कहा कि इन्हीं के मार्गदर्शन और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता ने उन्हें लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
प्रेस क्लब ने किया स्वागत
कार्यक्रम के दौरान बिलासपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष अजित मिश्रा, उपाध्यक्ष विजयक्रांति तिवारी, सचिव संदीप करिहार और कोषाध्यक्ष किशोर कुमार सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर भूपेंद्र सवन्नी का स्वागत किया तथा साल-प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
प्रेसवार्ता में पूर्व अध्यक्ष तिलकराज सलूजा सहित प्रेस क्लब के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

Post a Comment