श्मशानघाट में आधी रात तंत्र साधना का मामला
बिलासपुर/सीपत। ग्राम देवरी स्थित श्मशानघाट में शुक्रवार देर रात चार लोगों के संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों के अनुसार, मौके पर मछली, नींबू, सिंदूर और अन्य पूजा सामग्री के साथ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की तस्वीर तथा दो युवकों के फोटो मिले।
ग्रामीणों को देखते ही चारों लोग भागने लगे। पीछा करने पर एक युवक को पकड़ लिया गया और उसे सीपत पुलिस के सुपुर्द किया गया, जबकि तीन अन्य लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
🔴 जमानत के लिए तंत्र साधना का दावा
प्रारंभिक पूछताछ के मुताबिक, पकड़ा गया युवक ऋषिकेश कुमार बताया जा रहा है, जो चाकूबाजी के मामले में जेल में बंद प्रियांशु बोले का रिश्तेदार बताया गया है। प्रियांशु की जमानत याचिका हाईकोर्ट में लंबित होने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया के जरिए एक कथित तांत्रिक के संपर्क में आने के बाद जमानत के लिए श्मशानघाट में कथित तंत्र साधना करने की सलाह दी गई थी। हालांकि, पूरे मामले की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
👮 पुलिस जांच में जुटी
सीपत पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ कर रही है। साथ ही मौके से मिली सामग्री और तस्वीरों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस कथित तंत्र साधना के पीछे कौन लोग थे और सोशल मीडिया के जरिए उनका संपर्क किससे हुआ था।
बड़ी बात: कानूनी मामले में जमानत हासिल करने के लिए कथित तंत्र साधना और उसमें हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की तस्वीर रखे जाने की बात ने पूरे इलाके में चर्चा बढ़ा दी है।

Post a Comment