*केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने एनटीपीसी सीपत के सीएसआर अंतर्गत ₹7.19 करोड़ की स्वास्थ्य सुविधाओं का लोकार्पण किया*

*छत्तीसगढ़ का अत्याधुनिक रक्त केंद्र स्थापित, सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल एवं सिम्स को मिली उन्नत चिकित्सा उपकरणों की सौगात*
आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर सांसद श्री तोखन साहू ने बिलासपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए एनटीपीसी सीपत द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत लगभग ₹7.19 करोड़ की लागत से विकसित उन्नत चिकित्सा सुविधाओं का लोकार्पण किया।
इस पहल के अंतर्गत कुमार साहब स्वर्गीय श्री दिलीप सिंह जूदेव जी शासकीय सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, कोनी तथा छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर को अत्याधुनिक उपकरणों एवं सुदृढ़ स्वास्थ्य अवसंरचना की महत्वपूर्ण सौगात मिली।
श्री साहू ने एनटीपीसी सीपत द्वारा लगभग ₹4.27 करोड़ की लागत से स्थापित अत्याधुनिक रक्त केंद्र, माइक्रोबायोलॉजी लैब, हार्मोन लैब एवं एआई-आधारित माइक्रोस्कोपी यूनिट का उद्घाटन किया। यह रक्त केंद्र छत्तीसगढ़ का अपनी तरह का पहला आधुनिक ब्लड बैंक है, जिसमें उच्च गुणवत्ता की उन्नत मशीनें स्थापित की गई हैं, जिससे जांच एवं उपचार सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।
इसके अतिरिक्त सिम्स, बिलासपुर में लगभग ₹2.92 करोड़ की सीएसआर सहायता से क्रय की गई 26 उन्नत मशीनों का लोकार्पण किया गया। इन मशीनों में हाई-एंड कलर डॉप्लर, ऑटोमैटिक केमिल्यूमिनेसेंस, एचपीएलसी, सी-आर्म, ऑपरेशन थिएटर टेबल, डेंटल चेयर, मॉर्चुरी फ्रीजर, एमओ₂ फ्रैक्शनल लेजर सिस्टम एवं एसीटी मशीन सहित विभिन्न आधुनिक उपकरण शामिल हैं, जो चिकित्सा सेवाओं को और अधिक सक्षम बनाएंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री साहू ने एनटीपीसी सीपत के इस योगदान की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में इस प्रकार की पहलें राज्य में चिकित्सा सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक उपकरणों एवं उन्नत लैब सुविधाओं से मरीजों को समयबद्ध, सटीक एवं बेहतर उपचार उपलब्ध होगा, जिससे जनस्वास्थ्य में सकारात्मक परिवर्तन आएगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन सुविधाओं से बिलासपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को व्यापक लाभ प्राप्त होगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सार्वजनिक उपक्रमों द्वारा CSR के माध्यम से किए जा रहे ऐसे प्रयास समाज के समग्र विकास को गति प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, चिकित्सकों एवं एनटीपीसी सीपत के वरिष्ठ अधिकारियों सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि यह पहल एनटीपीसी सीपत की सामुदायिक विकास एवं जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके माध्यम से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है।
Post a Comment